रिपोर्टर टेकराम कोसले
Masb news
बलौदाबाजार, 29 जून 2025/
जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री की सुनिश्चित आपूर्ति के लिए कलेक्टर श्री दीपक सोनी के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों की गुणवत्ता नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिलेभर के कृषि सेवा केंद्रों की नियमित और सघन जांच की जा रही है।
कृषि विभाग द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक विक्रय केंद्र में उपलब्ध कृषि सामग्री (स्कंध) और उनका मूल्य सूची केंद्र परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाना अनिवार्य है, जिससे किसान भ्रमित न हों और उन्हें पारदर्शी रूप से जानकारी प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान दो कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी
विकासखंड पलारी के कृषि निरीक्षक सूचिन कुमार वर्मा द्वारा ग्राम ओड़ान स्थित अनिल कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कीटनाशक स्कंध एवं उनकी मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
विकासखंड बलौदाबाजार के कृषि निरीक्षक लोकनाथ दीवान द्वारा साहू कृषि केंद्र, मोहतरा का निरीक्षण किया गया। यहाँ भी उर्वरकों की स्कंध व मूल्य सूची प्रदर्शित न करने पर नोटिस थमाया गया।
इसके अतिरिक्त, विकासखंड भाटापारा में विनय इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया और उन्हें शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए विक्रय केंद्र संचालन करने के निर्देश दिए गए।
उपसंचालक कृषि श्री दीपक कुमार नायक ने समस्त कृषि आदान विक्रेताओं को चेताया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। सभी विक्रय केंद्रों में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक स्कंध और उनकी मूल्य सूची बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, जिससे किसानों को पारदर्शी और सही जानकारी मिल सके।
कृषि विभाग के मैदानी अमले को भी सतत निगरानी करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश जारी किए गए हैं।