जिला ब्यूरो चीफ/तोषन प्रसाद चौबे
बलौदाबाजार, 22 अगस्त 2025।
प्रदेश में महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों से प्रदेशभर में 166 महतारी सदन के निर्माण की स्वीकृति आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लिए 5 महतारी सदन शामिल हैं।
जिले में बनने वाले इन पांच महतारी सदनों के निर्माण हेतु कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। प्रत्येक महतारी सदन पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च होंगे।
कहां बनेंगे महतारी सदन
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पांच विकासखंडों की चयनित पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा—
बलौदाबाजार विकासखंड – ग्राम सरखोर
कसडोल विकासखंड – ग्राम गिरौद
भाटापारा विकासखंड – ग्राम केसला
पलारी विकासखंड – ग्राम वटगन
सिमगा विकासखंड – ग्राम कामता
सुविधाओं से सुसज्जित होंगे महतारी सदन
निर्मित होने वाले महतारी सदन लगभग 2500 वर्गफुट क्षेत्रफल में बनाए जाएंगे। इनमें कमरा, शौचालय, बरामदा, हॉल, किचन और स्टोररूम जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल, पानी की व्यवस्था के लिए ट्यूबवेल और वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तथा सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से निर्माण
प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि पहले चरण में प्रत्येक विकासखंड में महतारी सदन का निर्माण शुरू किया जाएगा। आगामी पांच वर्षों में प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
👉 यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सामुदायिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में एक मील का पत्थर साबित होगी।