रिपोर्टर टेकराम कोसले
Masb news
जांजगीर-चांपा, अकलतरा |
अकलतरा थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलेश्वर भैना एवं मोनू, दोनों निवासी ग्राम मूलमुला, किसी कार्य से अकलतरा आए हुए थे। बताया जा रहा है कि शाम लगभग 7:30 बजे के करीब दोनों युवक सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास खड़े थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पहले हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से वार किया, और जब दूसरा युवक उसे बचाने के लिए आगे आया तो उस पर भी हमला कर दिया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत अकलतरा थाना को सूचना दी और 112 डायल सेवा को भी बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल 112 की मदद से अकलतरा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है। घायल युवकों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।