बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़ | 30 जुलाई 2025
नया सवेरा जन कल्याण समिति बलौदाबाजार द्वारा आज एक विशेष कैंसर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया, जो शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 500 से 600 छात्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में तेजी से बढ़ते ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना था। रायपुर से पधारीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा साहू (वूमेन क्लिनिक एवं फर्टिलिटी सेंटर) और बलौदाबाजार की डॉ. स्वाति साहू ने छात्राओं को इन बीमारियों के लक्षण, प्रारंभिक पहचान और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बच्चों ने खुलकर अपनी जिज्ञासाएं और स्वास्थ्य संबंधी शंकाएं डॉक्टरों से साझा कीं।
इस आयोजन को सफल बनाने में स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षकों और नया सवेरा समिति की महिला सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
समिति अध्यक्ष श्रीमती लता अजय साहू की दूरदर्शी सोच और टीम वर्क से यह अभियान सफल रहा। भविष्य में समिति इस पहल को कॉलेजों और महिलाओं के बीच विस्तारित करने की योजना बना रही है।