बिलासपुर में किन्नर तन्नू खान की हत्या का खुलासा, गुरु-चेला विवाद में साथी गिरफ्तार
बिलासपुर |
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में हुए किन्नर तन्नू खान हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे गुरु-चेला प्रथा को लेकर हुआ विवाद मुख्य कारण रहा। मामले में आरोपी रिया उर्फ राकेश (किन्नर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को तन्नू खान, वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष जोकी स्थित एक घर में मौजूद थे। इसी दौरान रिया उर्फ राकेश भी वहां पहुंचा। सभी ने साथ बैठकर खाना और शराब का सेवन किया। बातचीत के दौरान किन्नर समाज की गुरु-चेला परंपरा को लेकर विवाद शुरू हो गया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तन्नू खान ने आरोपी से अपना गुरु बनने और परंपरा के अनुसार आर्थिक योगदान देने की बात कही, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों घर से निकल गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि विवाद बढ़ने पर उसने NH-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास तन्नू खान का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल और चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी रिया उर्फ राकेश (24 वर्ष), निवासी सेमरचुवा बरेला, जिला मुंगेली, हाल निवासी जोकी, सकरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सकरी थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
नोट: यह जानकारी पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति और प्रारंभिक जांच पर आधारित है। मामले का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर किया जाएगा।