बाढ़ प्रभावितों को जल्द मिलेगी राहत, कलेक्टर ने सर्वे कर तत्काल प्रकरण बनाने के दिए निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

July 21, 2026

बिलासपुर। 21 जुलाई 2026 कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बाढ़ प्रभावितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हालिया अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर राहत प्रकरण तैयार किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार जल्द मुआवजा मिल सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण करने, शासकीय भवनों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तत्काल राहत शाखा को भेजने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का प्रारंभिक स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व, विद्युत और नगरीय निकायों से जुड़े मामलों के निराकरण की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया।

केंद्रीय जेल में हाल में हुई कैदियों की आकस्मिक मौतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने अगले एक-दो दिनों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर में सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ ईसीजी मशीन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र या अस्पताल संचालित नहीं किए जाएंगे तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था और नए भवनों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के आवेदन तैयार करने और सौर संयंत्र स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक करीब 5,500 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 11 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं।

बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खाद-बीज की उपलब्धता और बोआई-रोपाई की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद और बीज का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा कृषि कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर ने सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि भविष्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए यह पंजीयन अनिवार्य होगा।

बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment