महासमुंद/बसना। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने एक बार फिर मानवता और जनसेवा का परिचय देते हुए लोगों का दिल जीत लिया है। एक महिला को लू लगने से बेहोश देख उन्होंने तत्काल अपना कार्यक्रम रोककर उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया और जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, मोक्ष कुमार प्रधान अपने नियमित जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत अष्ट प्रहरी नाम संकीर्तन महायज्ञ में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 53 स्थित साल्हेतराई बांध के पास सड़क किनारे एक महिला बेहोश अवस्था में दिखाई दी। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण उसकी हालत गंभीर थी।
महिला के पति और बेटी घबराए हुए थे और पानी की व्यवस्था करने का प्रयास कर रहे थे। तभी जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और पानी की बोतल देकर प्राथमिक राहत दी। स्थिति गंभीर देख उन्होंने बिना देरी किए महिला को अपनी निजी गाड़ी में बैठाकर सीधे सरकारी अस्पताल बसना पहुंचाया।
रास्ते में ही उन्होंने सरकारी अस्पताल बसना के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे. पी. प्रधान को फोन कर महिला की गंभीर स्थिति की जानकारी दी और कहा कि बेहतर उपचार किया जाए। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया, जिससे महिला की हालत में सुधार होने लगा।
इस मानवीय कार्य की क्षेत्रभर में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि आज के समय में बहुत कम जनप्रतिनिधि होते हैं जो सड़क पर तड़प रहे किसी जरूरतमंद के लिए अपना कार्यक्रम छोड़कर तुरंत मदद करें। मोक्ष कुमार प्रधान ने साबित कर दिया कि उनके लिए जनता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि मोक्ष कुमार प्रधान लगातार सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रहते हैं और हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े दिखाई देते हैं।
भीषण गर्मी में लू से बेहोश महिला की जान बचाने के लिए जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान, सरकारी अस्पताल बसना और डॉ. जे. पी. प्रधान की तत्परता और संवेदनशीलता की लोग खुलकर प्रशंसा कर रहे हैं।