पलारी के जिज्ञासु वर्मा ने रचा इतिहास: 98.6% अंकों के साथ छत्तीसगढ़ बोर्ड मेरिट में प्रथम, लक्ष्य एकेडमी में जश्न

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

April 29, 2026


पलारी ,छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में पलारी क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया, जब लक्ष्य एकेडमी कोचिंग क्लासेस के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे पलारी क्षेत्र और शिक्षण संस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जिज्ञासु वर्मा, पिता नरेंद्र वर्मा एवं माता माहेश्वरी वर्मा के सुपुत्र हैं। उन्होंने पिछले दो वर्षों से लक्ष्य एकेडमी में नियमित अध्ययन करते हुए अनुशासन, मेहनत और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ जिज्ञासु ने संस्थान की टेस्ट सीरीज में भी सभी विषयों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

जिज्ञासु की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूर्व CGPSC टॉपर एवं वर्तमान सुकमा जिले के डिप्टी कलेक्टर रविशंकर वर्मा ने उन्हें सम्मानित किया। इस सम्मान ने जिज्ञासु के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश दिया।

लक्ष्य एकेडमी परिसर में छात्र की सफलता पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। संस्था के डायरेक्टर बी. एल. यादव सहित शिक्षक पंचन लाल, कुबेर कुमार एवं देवराज साहू ने जिज्ञासु को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन का प्रतिफल है।

संस्था प्रबंधन ने विश्वास जताया कि जिज्ञासु वर्मा की सफलता आने वाले वर्षों में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। पलारी क्षेत्र के लिए यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान के रूप में देखी जा रही है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment