किरवई। सम्मान की शॉल ओढ़ते ही बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी की चमक दिखाई दी। ग्राम किरवई दामाखेड़ा में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम भावनाओं से भर गया। वृद्धजन परिवार फाउंडेशन के सहयोग से हुए इस आयोजन में गांव के बुजुर्गों को पुष्पमाला, श्रीफल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की सबसे बड़ी धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। वक्ताओं ने सभी से अपने परिवार और समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान करने तथा उनकी सेवा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्राम के समाजसेवी अरुण राव किरवई, ईश्वर साहू, शरण साहू सहित वृद्धजन परिवार फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. उत्तम विश्वास उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवक अभिषेक शर्मा किरवई, उमेश साहू, डिगेश्वर, पोषण और अमित दामोदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहयोग किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जिस समाज में वरिष्ठजनों का आदर होता है, वहां संस्कार और मानवीय मूल्यों की नींव मजबूत रहती है।