बलौदाबाजार, 29 अप्रैल 2026। जनगणना 2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य किया जाएगा। इस दौरान 1861 प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल डाटा संग्रह करेंगे, जबकि 309 सुपरवाइजर पूरे कार्य की मॉनिटरिंग करेंगे।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने चार्ज अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक लेकर सभी को निर्धारित समय सीमा में सावधानीपूर्वक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक 30 अप्रैल तक मोबाइल ऐप में लॉगिन सुनिश्चित कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
📊 1978 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए
जिले में मकान सूचीकरण के लिए कुल 1978 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 150 से 180 मकानों को शामिल किया गया है। जिले के 9 तहसील एवं 8 नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 17 चार्ज बनाए गए हैं। प्रत्येक प्रगणक को 1 या 2 ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
📌 कड़ी मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर ने चार्ज अधिकारियों को 15 मई तक कार्य पूर्ण करने की कार्ययोजना बनाने, कंट्रोल रूम स्थापित करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करने को कहा गया।
🔒 डाटा रहेगा पूरी तरह सुरक्षित
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान ली जाने वाली जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी। यह डाटा किसी भी योजना की पात्रता तय करने के लिए उपयोग नहीं किया जाएगा, बल्कि केवल नीतिगत निर्णय, संसाधन वितरण और निर्वाचन परिसीमन के लिए आधार बनेगा।
❗ आधार या पैन की आवश्यकता नहीं
जनगणना के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड या बैंक खाते की जानकारी नहीं ली जाएगी। केवल मकान और परिवार से संबंधित सामान्य जानकारी ही दर्ज की जाएगी।
📢 नागरिकों से अपील
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी दें और जनगणना कार्य में सहयोग करें।