बलौदाबाजार, 30 जुलाई 2026। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 5 अगस्त 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर आयोजित यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर, बलौदाबाजार में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा 194 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार, सेठ कुंजीलाल फ्यूल, बलौदाबाजार में सेल्स कंसल्टेंट, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव एवं टेली ऑपरेटर के कुल 6 पदों पर भर्ती होगी। जायका ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव, तकनीशियन, सर्विस एडवाइजर एवं कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के 8 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इसके अलावा जिंदल स्टील प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मशीनिस्ट के 100 पद, दुर्गेश सिक्योरिटी सर्विस, रायपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 50 पद तथा इंडिया हेल्प प्वाइंट, रायपुर द्वारा मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता एवं पद के अनुसार 7 हजार रुपये से 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला रोजगार कार्यालय में पंजीयन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप अथवा राज्य के रोजगार पोर्टल के माध्यम से पंजीयन एवं आवेदन कर रोजगार मेले में साक्षात्कार के लिए शामिल हो सकते हैं।
अभ्यर्थियों को रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने की सलाह दी गई है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, बलौदाबाजार अथवा दूरभाष 07727-299443 पर संपर्क किया जा सकता है।