ग्राम पंचायत कारी में 15वें वित्त आयोग की 5 लाख की राशि पर सवाल, सरपंच-सचिव पर बिना काम कराए भुगतान और अनियमितता के आरोप

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

July 30, 2026

बलौदाबाजार। जिले के ग्राम पंचायत कारी में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच और सचिव पर करीब 5 लाख रुपये की राशि के कथित गबन एवं विकास कार्य कराए बिना सरकारी राशि आहरित करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में कई विकास कार्यों के नाम पर भुगतान कर दिया गया, जबकि संबंधित कार्य आज तक धरातल पर दिखाई नहीं देते। उनका कहना है कि सीसी रोड मरम्मत के नाम पर राशि निकाली गई, लेकिन संबंधित स्थल पर किसी प्रकार का मरम्मत कार्य नहीं कराया गया।

इसके अलावा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में साफ-सफाई अभियान एवं कीटनाशक दवा के छिड़काव के लिए भी राशि आहरित की गई, जबकि गांव में न तो व्यापक स्तर पर सफाई कराई गई और न ही दवा का छिड़काव किया गया। इससे सरकारी राशि के उपयोग और भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अभिलेखों और भुगतान विवरण की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने तथा यदि अनियमितता सिद्ध होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, इस संबंध में सरपंच एवं पंचायत सचिव का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment