बलौदाबाजार। पीएम श्री विद्यालय योजना के तहत शिक्षकों की क्षमता वृद्धि और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक पुणे स्थित भारतीय विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (IISER Pune) में चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला का आयोजन समग्र शिक्षा एवं राज्य परियोजना कार्यालय, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से पीएम श्री विद्यालयों के लगभग 94 सहायक शिक्षक भाग लेंगे। सभी चयनित शिक्षक 1 अगस्त को पुणे के लिए रवाना होंगे। राज्य स्तर पर इस प्रशिक्षण का समन्वयन आशीष गौतम के नेतृत्व में किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देंगे। साथ ही प्रतिभागी शिक्षकों को प्रयोगात्मक गतिविधियों, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों और आधुनिक विज्ञान शिक्षा के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे शिक्षकों को समग्र शैक्षणिक अनुभव मिल सके।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कौशल विकास कार्यक्रम के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से छह शिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें ललित कुमार साहू (पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला, डोंगरीपारा भानपुर, कसडोल), दुलारी पटेल (पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला, छड़िया, पलारी), पोषण लाल वर्मा (पीएम श्री स्कूल, मुड़पार), गोपी लाल ठाकुर (पीएम श्री स्कूल, सुनसुनिया, बलौदाबाजार), विक्की प्रधान (पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, पलारी) तथा मोहिनी तिवारी (पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, सुहेला) शामिल हैं।
चयनित शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक विज्ञान शिक्षा, नई तकनीकों और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों की गहन जानकारी प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण से लौटने के बाद वे अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को इन नवीन तकनीकों से परिचित कराते हुए शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।