जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव आयोजित, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत

SARJU PRASAD SAHU

July 1, 2026

बिलासपुर। 1 जुलाई 2026। जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन सेजेस लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। अतिथियों ने बच्चों के साथ न्योता भोज में भोजन किया तथा छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलों का वितरण भी किया।इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने विद्यालयों के सामाजिक ऑडिट की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शौचालय, सुरक्षित भवन और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में 1,800 से अधिक विद्यालयों में लगभग 8 हजार शिक्षक और 1.67 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि अगले तीन माह में प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक स्मार्ट क्लास स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही शिक्षक-पालक बैठकों को प्रभावी बनाने, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने, समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण तथा सरस्वती साइकिल योजना के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार में स्वागत किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बिल्हा शासकीय स्कूल के शिक्षक कलेश्वर साहू को सम्मानित किया गया। उन्होंने दो लाख सीड बॉल तैयार कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया है। इसके अलावा निःशुल्क शैक्षणिक सहयोग देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment