खेत में करंट से किसान की मौत: एफआईआर से नाम हटाने पर उठे सवाल, मृतक की पत्नी ने एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग
सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र में खेत में करंट लगने से किसान की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी ने एफआईआर से एक आरोपी का नाम हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जमड़ी निवासी गजानंद साहू की खेत में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस संबंध में 17 मई 2026 को हसौद थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत के मुताबिक, फसल की सुरक्षा के लिए खेत में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था, जिसकी चपेट में आने से गजानंद साहू की मौत हो गई।
मृतक की पत्नी फुलेश्वरी साहू का आरोप है कि घटना के समय पुलिस को कार्तिक राम तथा जय किशन साहू (पिता-पुत्र) के संबंध में जानकारी दी गई थी और प्रारंभिक एफआईआर में जय किशन साहू का नाम भी दर्ज था। लेकिन बाद में बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका नाम एफआईआर से हटा दिया गया।
इसी को लेकर फुलेश्वरी साहू ने 31 जुलाई को पुलिस अधीक्षक, सक्ती को लिखित आवेदन सौंपकर मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि जय किशन साहू का नाम किस आधार और किन परिस्थितियों में एफआईआर से हटाया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
अब इस शिकायत के बाद पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। मृतक की पत्नी का कहना है कि उनके पति की मौत के मामले में पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
मृतक की पत्नी फुलेश्वरी साहू का कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाती है तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और किसी भी दोषी को बचाने का प्रयास न करने की अपील की है।