फॉरेंसिक वैन, हाईवे पेट्रोलिंग वाहन सहित कुल 15 डायल-112 वाहनों से आपातकालीन सेवा होगी और सुदृढ़
24 घंटे संचालित इस सेवा से अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मिनटों में पहुंचेगी मदद
बलौदाबाजार, 21 मई 2026। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बुधवार को जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित रक्षित केंद्र परिसर से डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिले में नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा का शुभारंभ भी किया गया।
इसमें डायल-112 के 12 वाहन, हाईवे पेट्रोलिंग हेतु 2 वाहन तथा 1 मोबाइल फॉरेंसिक वैन शामिल हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महले, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं हेमसागर सिदार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की मंशानुरूप पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने एवं लोगों को त्वरित सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में डायल-112 सेवा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि इस आपातकालीन सेवा के माध्यम से अब 24 घंटे किसी भी घटना, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में केवल 112 डायल करने पर तत्काल सहायता उपलब्ध होगी। ये वाहन जिले के सभी 12 थानों में तैनात रहेंगे।
बताया गया कि इन अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट एवं SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे। वाहनों में जीपीएस सिस्टम होने से कंट्रोल रूम बलौदाबाजार द्वारा पीड़ित के बताए गए स्थान पर सबसे नजदीकी डायल-112 वाहन को तुरंत रवाना किया जाएगा।