छत्तीसगढ़िया समाज से रैली में शामिल होने का किया आह्वान,
छुरा/ गरियाबंद :- आगामी 16 अगस्त, रविवार को भिलाई में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति एवं तीज-त्योहारों की सुंदर महक को देश-प्रदेश तक पहुंचाने के उद्देश्य से “जबर हरेली रैली” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन लगातार इस वर्ष भी किया जा रहा है। रैली की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेशभर से हजारों की संख्या में छत्तीसगढ़िया समाज के लोग इसमें शामिल होते है
इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के ग्राम कुड़ेरादादर के प्रसिद्ध कीर्तनकार श्री कामता प्रसाद शरण, ग्राम कामराज के प्रसिद्ध छत्तीसगढ़िया कलाकार अमलेश नागेश, ग्राम मुढ़ीपानी के छत्तीसगढ़ी फिल्मों में संगीत संयोजन करने वाले भैया ओंकार ओटी (ओमी स्टाइलो), श्री जगन्नाथ मंदिर के पुजारी पं. युवराज पांडेय तथा ग्राम मडेली निवासी पंडवानी गायिका पूनम सिन्हा के घर पहुंचकर उनसे भेंट-मुलाकात की गई और जबर हरेली रैली में शामिल होने का न्योता दिया गया।
इस दौरान छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के छुरा खड़ के पदाधिकारी एवं सेनानी भाइयों ने छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में भिलाई पहुंचकर जबर हरेली रैली को सफल बनाएं तथा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता की आवाज को मजबूत करें।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा लगातार छत्तीसगढ़िया समाज के हक और अधिकारों के लिए कार्य किया जा रहा है। संगठन द्वारा छत्तीसगढ़िया समाज के शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी बोली-भाषा, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं उद्देश्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा साथी छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना से जुड़ रहे हैं।