धान खरीदी 2026-27 की तैयारी तेज, 200 सहकारी समितियों को मिला प्रशिक्षण; पारदर्शिता पर संभागायुक्त सुनील जैन का जोर

SARJU PRASAAD SAHU

November 4, 2026

बिलासपुर-मुंगेली की 200 सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, पैक्स कंप्यूटरीकरण और बेहतर प्रबंधन पर हुई चर्चा

बिलासपुर। आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर सहकारिता विभाग ने समितियों के प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने की पहल की है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन के सहयोग से देवकीनंदन सभागृह, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बिलासपुर एवं मुंगेली जिले की 200 सेवा सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला का शुभारंभ संभागायुक्त सुनील जैन एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान आगामी धान खरीदी के सुचारू संचालन, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण तथा समितियों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

सहकारिता में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी : सुनील जैन

संभागायुक्त सुनील जैन ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता और लोकतंत्र एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने सहकारिता के ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डालते हुए समितियों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का कंप्यूटरीकरण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संभागायुक्त ने आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा के संदर्भ में समिति कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने और खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने की आवश्यकता बताई।

उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी के निर्देश

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने धान खरीदी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी खेती, जैव उर्वरक, बायोगैस और वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया।

कलेक्टर ने कहा कि देश-दुनिया की सहकारी समितियों द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों और नवाचारों से सीख लेकर उन्हें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी समितियों में लागू किया जाना चाहिए। इससे समितियों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

सुबह 10 से शाम 5:30 बजे तक चला प्रशिक्षण

कार्यशाला में संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त सहकारिता बिलासपुर, सहायक आयुक्त सहकारिता मुंगेली, खाद्य नियंत्रक बिलासपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों एवं तीन मास्टर ट्रेनरों ने सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक सहकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला में शामिल समिति प्रबंधकों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की। इस प्रशिक्षण से आगामी धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने, समितियों के प्रबंधन में सुधार लाने और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment