परसाभदेर में दोपहर 3 बजे सजेगा लोकार्पण समारोह, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे अध्यक्षता; सांसदों-विधायकों समेत दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
बलौदाबाजार। जिले में परिवहन विभाग के कामकाज को अब नई पहचान मिलने जा रही है। कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा के नवीन भवन का लोकार्पण आज सोमवार को ग्राम परसाभदेर स्थित बाईपास रोड पर होगा। दोपहर 3 बजे होने वाले इस भव्य समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
नवीन भवन का लोकार्पण वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे।
एक मंच पर दिखेंगे प्रदेश के कई बड़े चेहरे
लोकार्पण समारोह में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, कसडोल विधायक संदीप साहू और भाटापारा विधायक इन्द्र साव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, शिवरतन शर्मा और लक्ष्मी बघेल भी समारोह में शामिल होंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी रहेगी खास मौजूदगी
कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद बलौदाबाजार अध्यक्ष अशोक जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव तथा ग्राम पंचायत परसाभदेर की सरपंच कामिनी महेन्द्र महिलांगे समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
नए भवन से सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
जिला परिवहन कार्यालय के नए भवन के लोकार्पण को जिले में परिवहन संबंधी सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवीन भवन में कार्यालयीन गतिविधियों के बेहतर संचालन के साथ आम लोगों को परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
परिवहन विभाग की ओर से समारोह में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की गई है।