बिलासपुर में प्रभारी सचिव ने पांच धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता और किसानों की सुविधा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बिलासपुर। 23 नवंबर 2026 अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने रविवार को जिले के बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हो तथा किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीदी में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में चेकलिस्ट के अनुसार उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही अपने सामने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच भी कराई।
पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों में किसानों की आवक कम रही। खरीदी केंद्रों के फड़ गीले होने से किसान धान बेचने के लिए कम संख्या में पहुंच रहे हैं। इस पर प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि बारिश के कारण टोकन लेने के बावजूद धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को उनकी सुविधानुसार आगामी तिथि का टोकन जारी किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने केंद्रों में मौजूद किसानों से चर्चा कर बेमौसम बारिश से फसलों पर पड़े प्रभाव की जानकारी भी ली। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी भरने के कारण तैयार फसलों की हार्वेस्टर से कटाई करने में कठिनाई हो सकती है।
प्रभारी सचिव ने खरीदी के बाद केंद्रों में सुरक्षित रखे धान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि तिरपाल से ढककर रखे जाने के कारण बारिश से धान को नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान समिति स्तर पर किसानों के रिकॉर्ड में सुधार कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि रानीगांव में लगभग 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं, जिनमें से करीब 250 किसानों के रिकॉर्ड पिछले दो-तीन दिनों में सुधार लिए गए हैं। शेष 150 किसानों के रिकॉर्ड सुधार के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे जा चुके हैं। प्रभारी सचिव ने इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरे 21 क्विंटल के मान से आदान सहायता दिए जाने संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस योजना की जानकारी प्रत्येक किसान तक स्पष्ट रूप से पहुंचाई जाए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता, किसानों की सुविधा और उपज की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


