पिथौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब निर्माण मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

November 23, 2026

पिथौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब निर्माण मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद/पिथौरा। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ महासमुंद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना पिथौरा पुलिस ने कंतरा नाला के पास संचालित अवैध महुआ शराब भट्ठी के मामले में पिछले ढाई माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 03 सितंबर 2026 को पिथौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर स्थित कंतरा नाला के पास कुछ लोग भट्ठा जलाकर अवैध रूप से हाथ भट्टी की देशी महुआ शराब बना रहे हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी सुखराम बरिहा (45 वर्ष) निवासी कुरकुरी, थाना राजादेवरी (जिला बलौदाबाजार) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था, जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 05 सफेद प्लास्टिक की झिल्लियों में भरी कुल 50 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने के काम आने वाले 02 जर्मन के बर्तन जप्त किए थे। जप्त किए गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 13,000 रुपये आंकी गई थी। मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 220/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को पूर्व में ही जेल भेज दिया गया था।

प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। सोमवार, 23 नवंबर 2026 को पुलिस को सफलता मिली और मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों— नारायण राणा उर्फ बाबू (22 वर्ष) और मिलन बारिक (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम किशनपुर (थाना पिथौरा) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले का एक अन्य आरोपी गोविंद गोंड अभी भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।

 

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment