रविवार रात करीब 10 बजे रावणभाठा इलाके के आसपास दिखाई दिया भालू,
छुरा /गरियाबंद:- गरियाबंद जिले के छुरा नगर में जंगली भालू की मौजूदगी से लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया है। रविवार की रात करीब 10 बजे नगर के रावणभाठा इलाके के आसपास कुछ लोगों ने एक जंगली भालू को घूमते हुए देखा। रिहायशी इलाके के आसपास अचानक भालू दिखाई देने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए। हालांकि, कुछ समय बाद जंगली भालू जंगल की ओर चला गया।
बताया जा रहा है कि रविवार रात जब लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे, तभी रावणभाठा इलाके के आसपास जंगली भालू दिखाई दिया। रिहायशी इलाके के नजदीक जंगली जानवर की मौजूदगी से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। नगर क्षेत्र में इस तरह जंगली जानवर का पहुंचना लोगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पहले भी सामने आ चुकी हैं जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं,
छुरा वन परिक्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की बात करें तो आसपास के जंगलों से लगे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले भी जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें लोग घायल होकर प्रभावित हुए हैं। जंगल से लगे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को कई बार अपनी जान जोखिम में डालकर रोजमर्रा के काम करने पड़ते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल,
ऐसे में अब नगर के रिहायशी इलाके के आसपास जंगली भालू दिखाई देने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर जंगली जानवर रिहायशी क्षेत्रों तक क्यों पहुंच रहे हैं और ऐसी परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किस तरह की व्यवस्था होनी चाहिए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गस्त पर,
इस पूरे मामले को लेकर जब छुरा वन विभाग के रेंजर से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें जंगली भालू के रिहायशी इलाके में दिखाई देने की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल अपनी टीम को गश्त के लिए भेजा। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर निगरानी की। इसके बाद जंगली भालू जंगल की ओर चला गया।
फिलहाल भालू के जंगल की ओर चले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, रिहायशी इलाके के आसपास जंगली जानवरों की आवाजाही को देखते हुए लगातार सतर्कता और निगरानी बनाए रखना जरूरी है।
रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत,
छुरा नगर के रिहायशी इलाके में जंगली भालू दिखाई देने की इस घटना के बाद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। खासकर रात के समय अकेले घर से बाहर निकलने, सुनसान रास्तों से गुजरने और जंगल से लगे इलाकों में जाने से बचना चाहिए। यदि किसी को जंगली भालू या अन्य वन्यजीव दिखाई देता है तो उसके पास जाने, उसका पीछा करने, शोर मचाकर भगाने या फोटो-वीडियो बनाने के लिए नजदीक जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देना ही सुरक्षित कदम है। फिलहाल जंगली भालू के जंगल की ओर चले जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन नगर के रिहायशी इलाके में उसकी मौजूदगी ने एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संपर्क तथा आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


