छुरा/ गरियाबंद :-छुरा विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी डीह स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षक की मांग को लेकर पालकों और ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी। तालाबंदी के बाद पालक, ग्रामीण और स्कूली बच्चे स्कूल भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधान पाठक नोहर सिंह मौर्य पर नियमित रूप से स्कूल नहीं आने तथा शराब के नशे में स्कूल आने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की विभागीय स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।

दो माह से कर रहे थे मांग, कार्रवाई नहीं होने पर तालाबंदी,
पालकों और ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में शिक्षक की व्यवस्था करने और वर्तमान प्रधान पाठक नोहर सिंह मौर्य को हटाने की मांग को लेकर करीब दो माह पहले शिक्षा विभाग को आवेदन दिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पालकों और ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर धरना शुरू करने का निर्णय लिया।
उपसरपंच ने कहा- बच्चों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित,
इस मामले में खरखरा पंचायत की उपसरपंच खिरमनी हरपाल ने कहा कि स्कूल में इस तरह की स्थिति बनी रहने से बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से ग्रामीणों की मांगों पर जल्द कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान करने की मांग की।
प्रधान पाठक को हटाने और पर्याप्त शिक्षक की मांग,
पालकों और ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि प्रधान पाठक को हटाया जाए और स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल पालक, ग्रामीण और बच्चे स्कूल के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं।
DEO बोले- अनुशासनहीनता पर होगी विभागीय कार्रवाई,
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चन्द्राकर से दूरभाष के माध्यम से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन विभाग को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधान पाठक के संबंध में अनुशासनहीनता की शिकायतों को देखते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल में नए शिक्षक की व्यवस्था कर जल्द ही समस्या का समाधान करने की बात कही।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग की ओर से पंडरीपानी डीह प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी और प्रधान पाठक को लेकर ग्रामीणों द्वारा उठाई गई शिकायतों पर कब तक ठोस कार्रवाई की जाती है।