सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवरात बरामद
तुमगांव / महासमुंद: तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेन्दवाही में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के तीन लॉकेट और चांदी की पायल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शंकर भारती (निवासी तेन्दवाही) ने थाना तुमगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह खेत गया हुआ था। दोपहर में जब वह घर लौटा, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी में रखे 7 हजार रुपये नकद, 1.5 तोला चांदी की पायल और सोने के तीन लॉकेट गायब थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 198/26, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए और क्षेत्र में मुखबिर सक्रिय किए। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही रोहित आवले (उम्र 27 वर्ष, निवासी तेन्दवाही) को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने 2 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रोहित आवले की निशानदेही पर 3 नग सोने के लॉकेट (कीमत लगभग ₹9,300) और एक जोड़ी चांदी की पायल (1.5 तोला, कीमत लगभग ₹6,350) सहित कुल ₹15,650 मूल्य के जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की अग्रिम कार्यवाही की गई है।