पामगढ़ के कृषि वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर खरे को मिला डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026

SARJU PRASAAD SAHU

November 12, 2026

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर खरे को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्टार्टअप शिक्षा इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन सुजल कुमार के मुख्य आतिथ्य में प्रदान किया गया।

डॉ. चंद्रशेखर खरे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कृषि विज्ञान केंद्र में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक एवं प्रक्षेत्र प्रबंधक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें कृषि वैज्ञानिकों एवं शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई, भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष, ग्रामीण युवाओं को निःशुल्क कृषि शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन देने में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

डॉ. खरे पिछले 17 वर्षों से सामाजिक समानता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से हजारों युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार संबंधी मार्गदर्शन मिला है। वहीं, वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।

उनकी इस उपलब्धि पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरी जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों एवं सामाजिक संगठनों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. चंद्रशेखर खरे को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से पामगढ़ सहित पूरे जांजगीर-चांपा जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment