चार घंटे तक चली बैठक में आवास, राशन, कृषि, जल जीवन मिशन और धान खरीदी की हुई समीक्षा; पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ देने पर जोर
महासमुंद। 12 नवंबर 2026 जिले में संचालित विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने गुरुवार को प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। करीब चार घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे और निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर समीक्षा न करें, बल्कि मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति देखें। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ काम करने तथा आम नागरिकों को शासकीय कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों से बचाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकान जल्द होंगे पूरे
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा हितग्राहियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
राशन की गड़बड़ी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
खाद्य विभाग की समीक्षा में शेष राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी कार्य को अभियान चलाकर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि गरीबों के राशन का गबन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं श्रम विभाग को प्रत्येक सप्ताह शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
3,560 हेक्टेयर में घटा धान का रकबा, फसल विविधीकरण को मिलेगा बढ़ावा
कृषि विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 3,560 हेक्टेयर धान का रकबा कम हुआ है। इसके स्थान पर किसान दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती अपना रहे हैं। इस पर मंत्री ने प्रसन्नता जताते हुए फसल विविधीकरण को और बढ़ावा देने तथा किसानों को उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धान खरीदी में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, पिछले साल दर्ज हुई थीं 12 एफआईआर
आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष धान खरीदी में अनियमितता एवं लापरवाही के मामलों में कुल 12 एफआईआर दर्ज की गई थीं।
मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि इस वर्ष धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों की सतत निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई हो। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जल जीवन मिशन और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी विशेष जोर
जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने, पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के निर्धारित लक्ष्यों को भी पूरा करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने तथा आम नागरिकों के राजस्व प्रकरणों का पारदर्शिता के साथ शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। जनता की सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


