बलौदाबाजार, 23 अक्टूबर 2025।
बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में विगत दिनों हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मृत्यु हो गई। वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तात्कालिक अग्रिम सहायता राशि ₹25,000 प्रदान की गई है। साथ ही स्थानीय ग्रामों में मुनादी कराई गई है एवं ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों की गतिविधि वाले क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतें और किसी भी परिस्थिति में उनके समीप न जाएं।
वनमंडलाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारनवापारा अभयारण्य के ग्राम बार के समीप स्थित ग्राम हरदी निवासी कनकु राम पिता चमरू लाल (उम्र 68 वर्ष) की मृत्यु हाथी के हमले में हो गई।
घटना 22 अक्टूबर (बुधवार) शाम लगभग 4 बजे की है, जब मृतक अपने खेत की रखवाली के लिए जा रहे थे। यह घटना कक्ष क्रमांक 108 के समीप डीके जंक्शन बेरियर के पास हुई। वहां तैनात बेरियर चौकीदार नंद कुमार ध्रुव ने मृतक को आगे बढ़ने से रोका था, क्योंकि क्षेत्र में एक एकल (लोनर) हाथी का विचरण हो रहा था। चेतावनी के बावजूद मृतक आगे बढ़ गए, जिससे यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हाथी मित्र दल एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों को सावधानी बरतने एवं हाथियों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। घायल को प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु गश्ती दल सक्रिय हैं।