बुजुर्ग दंपत्ति पर जानलेवा हमला करने वाले 2 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, सुहेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बलौदाबाजार। ग्राम सरकीपार में 75 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी पत्नी पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को सुहेला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे और कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
घटना 12 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। प्रार्थी तुलाराम जांगड़े (75 वर्ष) अपनी पत्नी चंदाबाई के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही मनीष टंडन और गुलाब उर्फ पानू पुरैना शराब के नशे में जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने झूठे आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों व मुक्कों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई वृद्ध पत्नी के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। चीख-पुकार सुनकर जब पीड़ित का बेटा मौके पर पहुंचा, तो दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। हमले में बुजुर्ग दंपत्ति के सिर, कलाई और उंगलियों में गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी सुहेला पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीन ऑफ क्राइम (FSL) यूनिट ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। सुहेला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्र. 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) एवं 109(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- मनीष टंडन (उम्र 18 वर्ष 01 माह), पिता समेलाल टंडन, निवासी ग्राम सरकीपार, थाना सुहेला।
- गुलाब उर्फ पानू पुरैना (उम्र 26 वर्ष), पिता धनीराम पुरैना, निवासी ग्राम सरकीपार, थाना सुहेला।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर 2 नग बांस के डंडे जब्त किए गए। 14 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।