लौदाबाजार, 6 जुलाई 2026। जिले के शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 8 जुलाई 2026 (बुधवार) को जिला रोजगार कार्यालय परिसर, बलौदाबाजार में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित इस रोजगार मेले में कुल 264 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय जीवन बीमा (LIC), बलौदाबाजार द्वारा अभिकर्ता के 50, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 1 तथा मैनेजर के 1 पद सहित कुल 52 पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है तथा वेतन एवं प्रोत्साहन राशि पदानुसार 7 हजार से 20 हजार रुपये तक रहेगी।
इसी प्रकार ऋषभ वेंचर्स, बलौदाबाजार द्वारा सेल्स, इलेक्ट्रिशियन एवं कंप्यूटर ऑपरेटर सहित 13 पदों पर भर्ती की जाएगी। किरण एग्रीकल्चर, बलौदाबाजार में सेल्स, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अकाउंटेंट के 14 पदों पर नियुक्ति होगी।
वहीं यूनिक्स सॉल्यूशन प्रा. लि., रायपुर द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को 15,600 रुपये से 26,700 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा आश्रव फाउंडेशन एंड सिक्योरिटी, रायपुर द्वारा बेबीसिटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर एवं हाउसकीपिंग के 120 पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवश्यक शर्तें
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों का जिला रोजगार कार्यालय में रोजगार पंजीयन तथा ऑनलाइन रोजगार आवेदन होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप अथवा https://erojgar.cg.nic.in� के माध्यम से पंजीयन एवं आवेदन कर सकते हैं।
साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों को सभी शैक्षणिक अंकसूचियों की छायाप्रति, आधार कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन की प्रति, रोजगार आवेदन की प्रिंट कॉपी तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।
जिला रोजगार कार्यालय ने अधिक से अधिक योग्य युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय अथवा दूरभाष 07727-299443 पर संपर्क किया जा सकता है।