अंबेडकर प्रतिमा टूटने की झूठी अफवाह फैलाकर लोगों को आंदोलन के लिए भड़काने का मामला
बलौदाबाजार, 23 अक्टूबर 2025।
थाना पलारी पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक खबरें फैलाकर जनता को भड़काने और आंदोलन के लिए उकसाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम लरिया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की झूठी जानकारी सोशल मीडिया में प्रसारित कर लोगों में उत्तेजना फैलाने का प्रयास किया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को सूचना मिली कि लक्ष्मी नारायण डहरिया, गौतम कुर्रे एवं पालक भारद्वाज द्वारा ग्राम लरिया में स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की उंगली टूटने संबंधी भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।
जांच में पता चला कि प्रतिमा स्थापना के समय ही उंगली में हल्की दरार आ गई थी, जो बरसात और धूप के कारण समय के साथ बढ़ गई थी। बावजूद इसके, आरोपियों ने सोशल मीडिया पर यह कहते हुए अफवाह फैलाई कि प्रतिमा को जानबूझकर तोड़ा गया है, जिससे लोग भड़क गए और भीड़ इकट्ठा कर आंदोलन की कोशिशें की जाने लगीं।
इस मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 419/2025 धारा 299, 196(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ही प्रतिमा तोड़े जाने की झूठी पोस्ट सोशल मीडिया में डालकर लोगों को भड़काने का प्रयास किया था।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें।
—
👮♂️ गिरफ्तार आरोपी
1️⃣ लक्ष्मी नारायण डहरिया (24 वर्ष) – निवासी ग्राम हरिनभट्ठा, थाना सिमगा
2️⃣ गौतम कुर्रे (20 वर्ष) – निवासी ग्राम चरौदा, थाना गिधपुरी
3️⃣ पालक भारद्वाज (23 वर्ष) – निवासी ग्राम गोड़ा, थाना पलारी