Kasdol News: संयुक्त शासकीय विद्यालय हड़हापारा में पार्षद भानु प्रताप साहू ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों को किया याद।

MOTI LAL

August 16, 2026

कसडोल। नगर पंचायत कसडोल के हड़हापारा स्थित संयुक्त शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वार्ड पार्षद भानु प्रताप साहू ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड में प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद भारत माता एवं मां सरस्वती का चरण वंदन कर शाला प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया और तिरंगे को सलामी दी गई।

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं राजकीय गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की प्रधानपाठिका हेमिन श्रीवास, शाला विकास समिति के अध्यक्ष रामनारायण साहू एवं संरक्षक रमेश साहू सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पार्षद भानु प्रताप साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद भानु प्रताप साहू ने कहा कि भारत को स्वतंत्रता लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद प्राप्त हुई। स्वतंत्रता संग्राम में देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए तथा देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

पार्षद साहू ने वार्ड में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि वार्डवासियों ने उन्हें जो जिम्मेदारी और आशीर्वाद दिया है, उस पर खरा उतरने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड के गरीब परिवारों के राशन कार्ड बनवाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। वार्डवासियों की सुविधा को देखते हुए राशन दुकान भी खुलवाई गई है, जिससे लोगों को अब अपने मोहल्ले में ही राशन उपलब्ध हो रहा है।

उन्होंने बताया कि स्कूल के शिक्षकों की मांग पर विद्यालय में रसोई भवन एवं अहाता निर्माण की स्वीकृति भी कराई गई है। इसके साथ ही वार्ड में नाली एवं सीसी सड़क निर्माण का कार्य भी प्रगतिरत है। उन्होंने विद्यालय को सुरक्षित, शिक्षित एवं समृद्ध बनाने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रामनारायण साहू, संरक्षक रमेश साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment