गिधौरी में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, पुलिस जांच में जुटी

TEKRAM KOSLE

May 18, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार/गिधौरी, 18 मई 2026। थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुलैनी मोड़ के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जितेन शिकारी पिता राजेंद्र शिकारी उम्र लगभग 35 वर्ष निवासी शिवरीनारायण वार्ड क्रमांक 01 के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक सोमवार सुबह लगभग 11:40 बजे अपने वाहन से गिधौरी से भटगांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम पुलैनी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि जितेन शिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना गिधौरी पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया गया तथा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल आरोपी पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलैनी मोड़ पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment