राजनीति के साथ-साथ शिक्षा व समाज सेवा के लिए बोधराम कंवर ने समर्पित किया जीवन-डॉ चरणदास महंत

SARJU SAHU

August 17, 2026

बाबूजी ने बच्चियों के उच्च शिक्षा उत्थान विकास की दिशा में झीनी बाई महाविद्यालय खोलकर बहुत ही सराहनीय कार्य किया: ज्योत्सना महंत

कोरबा। हरदीबाजार झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय के शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं  कोरबा लोकसभा सांसद डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल तथा समाजसेवी बोधराम कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित रेखाराम पांडे के वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान पूजन के साथ हुई। तत्पश्चात अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्वर्गीय झीनी बाई कंवर के तैल्य चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।

डॉ. चरणदास महंत ने अपने संबोधन में कहा कि बोधराम कंवर न केवल राजनीति में सक्रिय हैं, बल्कि उन्होंने शिक्षा और समाजोत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा, “एसईसीएल कोयला उत्खनन के नाम पर गाँव-गाँव को विस्थापित कर रही है, लेकिन यह सुनिश्चित होना चाहिए कि विस्थापितों को उनके मूलभूत अधिकार एवं सुविधाएँ दी जाएँ। आज हम एक गाँव में सुख-दुख साझा करते हैं, पर विस्थापन के बाद यह मेल-मिलाप संभव नहीं रहेगा।” उन्होंने बोधराम जी के जज्बे की सराहना करते हुए ईश्वर से उनकी दीर्घायु की कामना की। साथ ही, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को युवाओं को संगठित करने और उनसे संवाद बढ़ाने की नसीहत दी।

विधायक प्रेमचंद पटेल ने इस महाविद्यालय को क्षेत्र के शिक्षा क्षेत्र में ‘मील का पत्थर’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे पहले बोधराम कंवर द्वारा स्थापित ग्राम्य भारती महाविद्यालय एवं शास्त्री हाई स्कूल आज भी ग्रामीण युवाओं के लिए शिक्षा के सशक्त केंद्र बने हुए हैं।

पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि बोधराम जी ने स्वयं को शिक्षा एवं समाज के प्रति पूर्णतः समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा, “शास्त्री हाई स्कूल और ग्राम्य भारती महाविद्यालय विस्थापन की भेंट चढ़ गए, लेकिन बोधराम जी ने हिम्मत नहीं हारी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस नए महाविद्यालय की स्थापना की।” उन्होंने राज्य सरकार की ओर से आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों एवं सांसदों के सहयोग से खोले गए मेडिकल कॉलेजों का जिक्र करते हुए चिंता जताई कि वर्तमान परिदृश्य में शिक्षा का स्तर अपेक्षित नहीं रहा है।

बोधराम कंवर ने भावुक होकर कहा कि उनकी स्वर्गीय माता झीनी बाई शिक्षा के प्रति अत्यंत समर्पित एवं दृढ़ संकल्पित थीं। उन्होंने कहा, “माता का सपना था कि इस क्षेत्र की आदिवासी एवं गरीब बच्चियों को उच्च शिक्षा एवं बेहतर वातावरण मिले। आज मैंने झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना करके उनका यह सपना पूरा किया।” उन्होंने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

वहीं, सांसद ज्योत्सना महंत ने बाबूजी (बोधराम कंवर) द्वारा बालिकाओं के उच्च शिक्षा विकास के लिए यह महाविद्यालय खोलने को अत्यंत सराहनीय बताया।

कार्यक्रम में नवीन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कृष्ण कुमार चौधरी ने संस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की। सभी अतिथियों को शाल, साड़ी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य दुलेश्वरी सिदार, कौशल नेटी, दयाराम कंवर, प्रमीला कंवर, मुकेश जायसवाल, सरपंच लोकेश्वर कंवर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कौशल श्रीवास, विजय अग्रवाल, रामनारायण कश्यप, कन्हैया राठौर, रमेश अहीर, पुष्पेंद्र शुक्ला, भैयाराम यादव, अनिल टंडन, गगन यादव, प्रो. राकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर शिव दुबे ने किया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment