तेज आंधी-तूफान के बीच डायल 112 बनी जीवनरक्षक, सर्पदंश की शिकार 15 वर्षीय बालिका की बचाई जान खराब मौसम में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय पर मिला उपचार, बालिका की हालत अब स्थिर

TEJASWI NATH SONI

July 6, 2026

बलौदाबाजार, 6 जुलाई 2026। तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच डायल 112 की तत्परता और सेवा भावना ने एक 15 वर्षीय बालिका की जान बचा ली। सर्पदंश की शिकार बालिका को समय रहते जिला अस्पताल पहुंचाकर पुलिस टीम ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 11:59 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम खम्हरिया रिसदा की एक 15 वर्षीय बालिका को सांप ने काट लिया है और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली बाज-1 की डायल 112 टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश, आंधी और तूफान के कारण हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। खराब मौसम और कम दृश्यता के बावजूद टीम में तैनात आरक्षक अनिल कुमार साहू एवं वाहन चालक खगेश मानिकपुरी ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए कम समय में गांव पहुंचकर बालिका को सुरक्षित वाहन में बैठाया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार सर्पदंश के मामलों में शुरुआती समय, जिसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, जीवन बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचने से बालिका को तुरंत उपचार मिल सका, जिससे उसकी स्थिति अब सुरक्षित और स्थिर बताई जा रही है।

डायल 112 की इस सराहनीय कार्रवाई पर बालिका के परिजनों एवं ग्रामीणों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी आरक्षक अनिल कुमार साहू और चालक खगेश मानिकपुरी की कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की प्रशंसा की।

डायल 112 ने एक बार फिर साबित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में हर मौसम और हर परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहती है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment