सारंगढ़/बिलाईगढ़। सारंगढ़ में दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे टी.एस. सिंहदेव (टी.एस. बाबा) के दौरे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भर दी। कड़ी धूप के बावजूद उन्होंने लगातार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।
दौरे के दौरान वे विधायक उत्तरी जांगड़े के गृह ग्राम मुड़वाभांठा पहुंचे, जहां उनका परिवार सहित गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
अपने संबोधन में टी.एस. बाबा ने सारंगढ़ में कांग्रेस की एकजुटता की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रियता को सराहा। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र की नारी शक्ति की भागीदारी को संगठन की मजबूती का आधार बताया और इसे प्रेरणादायक बताया।
हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने विधायक चयन से जुड़ा एक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि परिस्थितियों के चलते आज उत्तरी जांगड़े विधायक हैं और आने वाले ढाई वर्षों में संगठन की एकजुटता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को और मजबूत करने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान उन्होंने विधायक निवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, सामूहिक फोटो खिंचवाए तथा कोसीर स्थित मां कुशलाई दाई के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा वे पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता विष्णु चंद्रा के निवास भी पहुंचे और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
इस दौरे में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और कांग्रेस पदाधिकारी, जिनमें बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी बंजारे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
टी.एस. बाबा के इस दौरे से सारंगढ़ क्षेत्र में कांग्रेस संगठन में एकजुटता और सक्रियता का माहौल और मजबूत होता नजर आ रहा है।