छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन, प्रदेशभर के युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

SARJU SAHU

August 9, 2026

गिधौरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज के युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन रविवार, 9 अगस्त 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज के विद्यार्थियों एवं युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि बढ़ाने और प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता में सीजी पीएससी, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजी व्यापम), एसएससी, रेलवे, शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप प्रश्न पूछे गए। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक निर्धारित था।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में 12वीं उत्तीर्ण एवं स्नातक अभ्यर्थी शामिल हो सकते थे। पंजीयन शुल्क 50 रुपये तथा अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष रखी गई थी। प्रश्नपत्र में छत्तीसगढ़ का सामान्य अध्ययन, भारत का सामान्य अध्ययन, हिंदी, छत्तीसगढ़ी, अंग्रेजी, गणित एवं रीजनिंग, कुर्मी समाज से संबंधित प्रश्न, कंप्यूटर और करेंट अफेयर्स सहित कुल 100 प्रश्न शामिल किए गए। पूर्णांक 200 निर्धारित था।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय 17 हजार रुपये, तृतीय 15 हजार रुपये, चतुर्थ 11 हजार रुपये और पंचम पुरस्कार 9 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का मूल्यांकन करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर दिशा प्राप्त करने का अवसर मिला। परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई थी तथा परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।
“ज्ञान से विकास-विकास से मजबूत समाज, हर विद्यार्थी बने सफल—यही हमारा संकल्प” के संदेश के साथ आयोजित इस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता को समाज के युवाओं के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

गिधौरी केंद्र में परीक्षा संचालन के लिए जिला प्रभारी बुधराम कश्यप, केंद्राध्यक्ष अनिल वर्मा, पर्यवेक्षक देवेंद्र वर्मा एवं बद्री वर्मा, वीडियोग्राफर राजकुमार वर्मा तथा सहयोगी के रूप में शैल वर्मा और रागिनी वर्मा ने जिम्मेदारी निभाई।

समाज के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कश्यप ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समाज ने “एक परिवार–एक संकल्प: हर योग्य विद्यार्थी का पंजीयन” का संदेश देते हुए पात्र विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसी प्रतियोगिताओं में पंजीयन कराने की अपील की। आयोजन को समाज के युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की दिशा में आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment