बलौदाबाजार: ‘दिशा’ की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा; अंतिम छोर के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर

BIRENDRA KUMAR SEN

May 15, 2026

बलौदाबाजार: ‘दिशा’ की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा; अंतिम छोर के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर

बलौदाबाजार,15 मई 2026 / सांसद जांजगीर-चाम्पा कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता एवं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की सह -अध्यक्षता तथा राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की विशिष्ट उपस्थित में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा ) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यो की विस्तृत समीक्षा की गई।

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो, सभी लक्ष्य समय -सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। जिले के दूरस्थ अंचल तक लोगों को योजनाओं का लाभ मिले। क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों की भी भागीदार जरूरी है। जनप्रतिनिधि दौरे के दौरान योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुचाएं। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने केन्द्र सरकार की योजना के साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित कर लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियो को दिये।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सभी शासकीय भवनों में शत प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल के बच्चों को भी इसकी जानकारी देते हुए उन्हें जल संरक्षण हेतु जागरूक करें। जल जीवन मिशन के तहत जिले में प्रगति की समीक्षा की गई।इस दौरान जल संचयन और संग्रहण के लिए जिले में संचालित अभियान की जानकारी भी दी गई। श्री अग्रवाल ने मौसमी बीमारी से बचाव हेतु सभी तैयारी सुनिश्वित करने निर्देशित किया, उन्होंने कहा कि लोगों को इस हेतु जागरूक भी करें।देश में तेजी से बढ़ रहे डायबिटिज के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला अस्पताल ,सीएचसी और पीएचसी में सतत रूप से ग्रामीणों का अनिवार्य रूप से शुगर टेस्ट हो और सुशासन तिहार के तहत आयोजित सभी शिविरों में भी शुगर की नियमित जांच की व्यवस्था हो खासकर 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की शुगर जांच अनिवार्य रूप से करें।उन्होंने कहा कि जागरूकता और नियमित जांच के अभाव में ग्रामीणों को पता ही नहीं चल पाता की उन्हें डायबिटीज है। इस वजह से आगे चलकर किडनी और लिवर की समस्याएं विकराल रूप में सामने आती है।

प्रधानमंत्री आवास योजना को समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाएं।उन्होंने कहा बलौदाबाज़ार-भाटापारा ज़िला सीमेंट उद्योग के लिए जाना जाता है लेकिन यहां अन्य उद्योगों के लिए भी संभावनाएं हैं खासकर ऑक्सिलरी उद्योग जिनके माध्यम से सीमेंट उद्योग में लगने वाले छोटे -मोटे कलपुर्जों का निर्माण किया जा सकता है जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा और लोकल इकोनॉमी बूस्ट होगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण की समस्या से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करना चाहिए। श्री अग्रवाल ने सीमेंट उद्योगों द्वारा अनुपयोगी खदानों के क्लोजर की शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दिये।सांसद श्री अग्रवाल ने गम्भीरता के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार कि अनेक योजनायें संचालित हो रही हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचाने में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करना होग़ा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही बारिश में मौसमी बीमारी से बचाव, जल भराव की समस्या को दूर करने, निर्माणाधीन कार्यो को जल्द पूरा करें।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना,प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ,प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना , प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ,मनरेगा ,वीबी जी राम जी ,दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय योजना ,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन , दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना,सांसद आदर्श ग्राम योजना ,राष्ट्रीय कृषि विकास योजना,मृदा स्वास्थ्य कार्ड,,राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छात्रवृत्ति योजना ,प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना सहित लगभग 67 योजनाओं की समीक्षा हुई।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नागरिकों की सुरक्षा के लिए सड़कों का मरम्मत,प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश रोकने और राष्ट्रीय राजमार्ग में हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा नियमों के अनिवार्य पालन के निर्देश दिये गये। साथ ही आपात स्थिति में बेहतर इलाज हेतु ट्रामा सेंटर की शुरुआत के निर्देश भी दिए गए ।बैठक में बताया गया कि सड़क सुरक्षा के कुशल प्रबन्धन के फल स्वरूप सड़क दुर्घटनाओं में पिछले साल की तुलना में कमी आई है।जीवनदीप समिति की समीक्षा के. दौरान जिला अस्पताल सहित सभी शासकीय अस्पतालों में मरीजों और परिजनों की सुविधा के उपाय सुनिश्चित करने और समय -समय कर अस्पताल की मरम्मत के निर्देश दिए गए।

बैठक में विधायक संदीप साहु, इंद्र साव,जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल,कलेक्टर कुलदीप शर्मा,एसपी ओपी शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, अशोक जैन,पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा,डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment