दिवंगत सचिव संतोष राम फेकर की स्मृति में सचिव संघ पलारी ने दी ₹51 हजार की श्रद्धांजलि सहायता

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

June 12, 2026

पलारी, । पंचायत सचिव संघ ब्लॉक इकाई पलारी ने मानवीय संवेदनाओं और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय देते हुए दिवंगत पंचायत सचिव श्री संतोष राम फेकर की स्मृति में उनके गृह ग्राम लच्छनपुर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। संघ की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि स्वरूप उनके आश्रित परिवारजनों श्रीमती यशोदा बाई फेकर, टिकेश्वर एवं देवेन्द्र को ₹51,000 (अक्षरी– इक्यावन हजार रुपये) की श्रद्धांजलि सहायता राशि भेंट की गई।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत संतोष राम फेकर के व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव को याद करते हुए कहा कि उनका असमय निधन सचिव परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। वक्ताओं ने कहा कि वे हमेशा अपने कार्यों के प्रति समर्पित रहे और अपने सहयोगियों के बीच एक स्नेही एवं मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते थे। श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संघ के सदस्यों ने हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चूड़ामणि साहू (अध्यक्ष, पंचायत सचिव संघ ब्लॉक इकाई पलारी), पन्नालाल ध्रुवे (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पलारी), नरेन्द्र चन्द्राकर (उपाध्यक्ष, पंचायत सचिव संघ जिला बलौदाबाजार), योगेश वर्मा (सचिव), राजेश वैष्णव (प्रमुख सलाहकार) सहित बड़ी संख्या में सचिवगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। दिवंगत संतोष राम फेकर के परिजनों ने इस कठिन समय में सचिव संघ द्वारा प्रदर्शित आत्मीय सहयोग के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल न केवल संगठन की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि परिवार का कोई सदस्य भले ही शारीरिक रूप से साथ न हो, उसकी स्मृतियां और उसके साथियों का स्नेह सदैव उसके परिवार के साथ बना रहता है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment