बढ़ती महंगाई, ईंधन संकट और खाद की कमी के खिलाफ बिलाईगढ़ में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

BIRENDRA KUMAR SEN

May 21, 2026

बढ़ती महंगाई, ईंधन संकट और खाद की कमी के खिलाफ बिलाईगढ़ में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

बिलाईगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिलाईगढ़ विधानसभा मुख्यालय में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की किल्लत, खाद की कमी और ईंधन की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में एक विशाल और उग्र विरोध प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लाकेश्वर देवांगन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें मुख्य रूप से शामिल हुईं।

​कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और आम जनता की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल एवं राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन बिलाईगढ़ एसडीएम को सौंपा।

​प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज देश में महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ रहा है।”

​विधायक ने आगे कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल, अनाज और यहाँ तक कि सोना-चांदी (सराफा) के बढ़ते दामों ने आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है। किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवार गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जनता की इन बुनियादी समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।

​श्रीमती लहरें ने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि ऐन खेती के वक्त किसानों को खाद की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी।

​इस विरोध प्रदर्शन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, सोनाखान ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, सरसीवा ब्लॉक अध्यक्ष भीषम साहू, जिला सेवा दल कांग्रेस अध्यक्ष इन्दु पड़वार, और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनारायण भट्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

​इसके साथ ही नेमीचंद केशरवानी, गोपाल पांडेय, शेखर भट्ट, भूपेन्द्र यादव, यशवंत साहू, डीसु सीदार, अरविंद मनहर, सुनील आदित्य, रामा हिरवानी, योगेश्वरी साहू सहित युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी इस जनांदोलन में शामिल हुए।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment