छुरा / गरियाबंद :- म्यूजिक ग्रुप परिवार छुरा के तत्वाधान में मोहम्मद रफी के पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि स्वरूप कार्यक्रम म्यूजिक ग्रुप कारवां आयोजित कर हिन्दी सिनेमा के महान फनकारों मो.रफी,लता,किशोर कुमार,और मुकेश को उनके गीत गाकर श्रद्धांजलि दी गई।म्यूजिक ग्रुप परिवार विगत 5 वर्षो से यह आयोजन छुरा नगर में करते आ रहे है,इस वर्ष यह आयोजन 26 जुलाई रविवार को मंडी प्रांगण छुरा में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य डा आनंद गुप्ता जी,हरीश ठक्कर जी मंचासीन हुए। सर्वप्रथम अतिथिद्वय द्वारा मां सरस्वती की पुजा अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया गया, उसके पश्चात मो. रफी,लता मंगेशकर,आशा भोसले,किशोर कुमार,मुकेश के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया।
स्थानीय ग्रुप सदस्यों के द्वारा रायपुर,अभनपुर,अमलीपदर,राजिम, नवापारा,कोपरा,फिंगेश्वर और गरियाबंद से पधारे फनकारों का स्वागत अभिनंदन कुमकुम अक्षत व पुष्प भेंटकर किया गया। ग्रुप के संस्थापक सदस्य रीझे यादव ने म्यूजिक ग्रुप परिवार के परिकल्पना और सफर के बारे में बताया।
इस अवसर पर पधारे अतिथि नगर पंचायत छुरा के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल समद खान रिजवी ने कहा कि म्यूजिक ग्रुप की यह पहल सराहनीय है,भागमभाग की जिंदगी में आप लोग संगीत को जिंदा रखे हैं ये हमारे जिले के लिए गौरव की बात है।गीत संगीत का होना आवश्यक है अन्यथा जीवन नीरस हो जाता है।रफी साहब सहित सभी महान कलाकारों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम सराहनीय है।
कार्यक्रम की शुरुआत गरियाबंद से पधारे एडवोकेट श्री विजय सिन्हा जी ने शिव भजन हे! शंकर मेरे कब होंगे दर्शन तेरे…गीत गाकर किया। तत्पश्चात श्री नेमीचंद यादव ने शिर्डी वाले साईं बाबा गीत गाकर उपस्थित श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के पहले दौर में अमलीपदर से आए श्री संजय महाडिक ने तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे गीत गाकर सबको भावविभोर किया। इसके पश्चात क्रमशः सभी कलाकारों की प्रस्तुति होती रही। जिसमें श्रीमती श्यामा नेताम ने श्री नेमीचंद यादव के साथ रफी साहब का मशहूर गीत दिल पुकारे आ रे आ रे…की प्रस्तुति दी। गरियाबंद के आशीष ठक्कर ने पत्ता पत्ता बूटा बूटा..छुरा निवासी श्री पंकज गुप्ता ने एक रास्ता है जिंदगी…श्री सलीम मेमन ने परदा है परदा… श्री रीझे यादव ने मोहम्मद रफी तू बहुत याद आया….डा आनंद गुप्ता ने आसमान से आया फरिश्ता…श्री सुखसागर कुर्रे ने दिल क्या करे जब किसी को…श्री हुमन सिन्हा ने मेरे नैना सावन भादो…श्री हरीश ठक्कर ने मैंने तेरे लिए ही सात रंग के…. क्रांति साहू ने अजी ऐसा मौका फिर कहां मिलेगा…. श्रीमती सपना कंसारी ने ये मेरा दिल प्यार का दीवाना….श्री हेमन्त विश्वकर्मा ने मुझे इश्क है तुझी से…श्री भगवान सिंह ध्रुव ने देखा ना हाय रे सोचा ने…गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
भोजन विश्राम पश्चात कार्यक्रम के दूसरे दौर की शुरुआत श्री भगवान सिंह चंद्राकर ने रफी साहब के मशहूर गीत एक बंजारा गाए….गीत गाकर किया। इनके बाद श्री हरिश्चंद्र निषाद ने तुम जो मिल गए हो कि प्रस्तुति दी। रिमझिम बारिश के बीच फिंगेश्वर के मशहूर गायक श्री धनंजय हरित ने आज मौसम बड़ा बेईमान है…गीत गाकर माहौल बना दिया। तत्पश्चात डाक्टर श्रीमती देवश्री नेताम ने आपकी आंखों में कुछ…..गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।
कार्यक्रम का उत्कृष्ट संचालन शिक्षक एवं योगविद् श्री अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए म्यूजिक ग्रुप आयोजन समिति के द्वारा आगंतुकों का आभार प्रकट किया गया और विशेष सहयोग के लिए कलाकारों सहित साउंड सिस्टम के लिए श्री अम्बे किराया भंडार के श्री भुनेश्वर सिन्हा को भेंट उपहार दिया गया।
इस कार्यक्रम में श्रीमती रश्मि गुप्ता,श्री अशोक मानिकपुरी,श्री पितांबर वर्मा,श्री मनीषदेव वर्मा,श्री पवन नायक,श्री विमल पुरोहित सहित नगर के गणमान्य नागरिक व संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।