राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए दानसरा स्थित प्रधान हॉस्पिटल में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉक्टरों का सम्मान करते हुए पुलिस और चिकित्सा सेवा के समर्पण को नमन किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी स्नेहिल साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने पुलिसकर्मियों का ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड शुगर, स्पायरोमीटर टेस्ट, ब्लड टेस्ट सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए तथा चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
शिविर के दौरान डॉक्टरों ने पुलिस जवानों को तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बताया गया कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण और व्यस्त दिनचर्या में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी स्नेहिल साहू ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पुलिस समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, उसी प्रकार चिकित्सक समाज को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए दिन-रात सेवा में समर्पित रहते हैं।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रधान हॉस्पिटल के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को पुलिस बल के स्वास्थ्य संरक्षण और डॉक्टरों के प्रति सम्मान की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।