बलौदाबाजार जिले की 14 ग्राम पंचायतों में सेवा सेतु केंद्र संचालकों की होगी नियुक्ति, 17 जुलाई तक करें आवेदन I

TEJASWI NATH SONI

July 2, 2026

बलौदाबाजार। जिले में आधार पंजीयन सेवाओं का विस्तार करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 14 ग्राम पंचायतों में सेवा सेतु केंद्र संचालकों (आधार ऑपरेटर) की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए पात्र एवं इच्छुक आधार ऑपरेटर, सेवा सेतु केंद्र संचालक, सीएससी (CSC) संचालकों सहित अन्य योग्य अभ्यर्थियों से 17 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन ई-गवर्नेंस कार्यालय, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक-78, कलेक्टोरेट परिसर, बलौदाबाजार में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।

इन ग्राम पंचायतों में होगी नियुक्ति

जनपद पंचायत बलौदाबाजार: रिसदा, अर्जुनी, रसेड़ा एवं लाहोद।

जनपद पंचायत भाटापारा: खोखली, तरेंगा एवं निपनिया।

जनपद पंचायत कसडोल: मटिया, पुटपुरा एवं चांदन।

जनपद पंचायत पलारी: अमेरा एवं तेलासी।

जनपद पंचायत सिमगा: चंदेरी एवं रानीजरौद।

पात्रता एवं आवश्यक शर्तें

  • आवेदक के विरुद्ध किसी प्रकार की पेनाल्टी लंबित नहीं होनी चाहिए। यदि पेनाल्टी लंबित है तो उसका भुगतान कर रसीद आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा।
  • चयनित अभ्यर्थियों को चयन के 10 दिनों के भीतर 1.50 लाख रुपये की सुरक्षा राशि जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के पक्ष में डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी।
  • पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
  • आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
  • शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण तथा 2 वर्षीय आईटीआई या 3 वर्षीय डिप्लोमा होना आवश्यक है।
  • अभ्यर्थी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का स्थानीय निवासी होना चाहिए।
  • एक अभ्यर्थी केवल एक ही ग्राम पंचायत के लिए आवेदन कर सकेगा।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देश जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment