बिलासपुर। 27 अप्रैल 2026 राज्य शासन के निर्देश एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में चल रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान “सही दवा – शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” के तहत शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर खाद्य ठेलों की सघन जांच की गई।
जांच अभियान के दौरान कोन्हेर गार्डन चौक, मरीन ड्राइव चौपाटी, अशोक नगर चौक और नूतन चौक क्षेत्रों में संचालित गुपचुप, चाट व अन्य खाद्य सामग्री के ठेलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही स्वच्छता मानकों की जांच करते हुए विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान विक्रेताओं को हैंड ग्लव्स और हेड कैप वितरित किए गए तथा उन्हें खाद्य सुरक्षा नियमों और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय में लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अभिहित अधिकारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी और नायब तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।