बलौदाबाजार में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस का कड़ा प्रहार, कोर्ट ने 11 चालकों पर ठोका ₹1.25 लाख का जुर्माना; लाइसेंस भी होंगे सस्पेंड
बलौदाबाजार। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 चालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के जरिए शराब के नशे में धुत 11 वाहन चालकों को रंगे हाथ पकड़ा और उनके वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया। इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण तैयार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई का ब्योरा:
- 8 चालकों पर जुर्माना: न्यायालय ने 8 मामलों में प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
- 3 चालकों पर जुर्माना: 3 गंभीर मामलों में प्रत्येक चालक पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया।
- लाइसेंस निलंबन: पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वाले इन सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।