सोनाखान। बलौदाबाजार जिले के वनांचल क्षेत्र सोनाखान अंतर्गत ग्राम अचानकपुर में जंगली सुअर के हमले से ग्राम पंचायत राजा देवरी के पूर्व सरपंच फूलसिंह बरिहा गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले में वे लहूलुहान हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आदिवासी समाज से ताल्लुक रखने वाले फूलसिंह बरिहा पूर्व में राजा देवरी के सरपंच रहने के साथ-साथ तेंदूपत्ता वनोपज सहकारी समिति के सक्रिय सदस्य भी रह चुके हैं। क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक और इस अप्रत्याशित हमले को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष और भय का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए डीएफओ बलौदाबाजार और एसडीएम गिरौदपुरी को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि वन विभाग तत्काल घायल व्यक्ति के बेहतर और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करे। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता राशि एवं शासन के नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।