डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने संभाली नेतृत्व की कमान

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

August 22, 2026

मंच पर मिला सम्मान, कंधों पर आई जिम्मेदारी; नेतृत्व की राह पर बढ़े विद्यार्थी

सकरी।  मंच पर नाम पुकारा गया तो कदम आगे बढ़े, बैज सीने पर सजा तो चेहरे पर गर्व झलक उठा और शपथ के साथ कंधों पर जिम्मेदारी आ गई। तालियों की गूंज के बीच विद्यार्थियों ने नेतृत्व की नई भूमिका संभाली। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, सकरी में आयोजित अलंकरण समारोह में ऐसा ही गौरवपूर्ण और भावुक नजारा देखने को मिला।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय श्री केसरिया, एसआई सिटी कोतवाली बलौदाबाजार एवं विद्यालय के प्राचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सरस्वती वंदना और स्वागत कार्यक्रम के बाद नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों के बैज प्रदान किए गए। इसके साथ ही उन्हें कर्तव्य, अनुशासन और जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई।

 

हेड बॉयगर्ल ने संभाली स्कूल की कमान

विद्यालय के हेड बॉय अंकित बाघमार और हेड गर्ल भावना देवी पैकरा ने पद की शपथ लेकर विद्यार्थियों के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद चारों सदनों के कैप्टन एवं उप-कैप्टन को भी पदभार सौंपा गया।

दयानंद हाउस के कैप्टन चित्रकांत एवं उप-कैप्टन नूपुर साहू, हंसराज हाउस के कैप्टन रुद्रांश प्रसन्न वर्मा एवं उप-कैप्टन ईशाना सिंह कुर्रे, श्रद्धानंद हाउस के कैप्टन तन्मय यादव एवं उप-कैप्टन आस्था प्रजापति तथा विरजानंद हाउस के कैप्टन जयस मांजरे एवं उप-कैप्टन आचल वर्मा ने नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली

खेल मैदान की कमान भी सौंपी

विद्यालय के खेल कैप्टन झलकेश्वर साहू को खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों का नेतृत्व करने का दायित्व दिया गया। अब खेल मैदान में टीम भावना, अनुशासन और उत्साह बनाए रखने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

प्राचार्य बोले- पद नहीं, जिम्मेदारी बड़ी

प्राचार्य ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा और आदर्श आचरण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

अलंकरण समारोह में विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया। शिक्षकों और विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ और विद्यार्थियों ने नई जिम्मेदारियों के साथ नेतृत्व की राह पर अपना पहला कदम बढ़ाया

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment