कटनी। कटनी में पदस्थ CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ जमीन सौदे से जुड़े मामले में धोखाधड़ी, दबाव बनाने और आपराधिक साजिश के आरोप में FIR दर्ज की गई है। मामले में नेहा पच्चीसिया समेत क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी को आरोपी बनाया गया है। FIR कुठला थाने में दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार हत्या के एक मामले में आरोपी व्यक्ति और उसके परिवार पर कथित रूप से दबाव बनाकर करीब 82 लाख रुपये की सरकारी गाइडलाइन वाली जमीन महज 18.20 लाख रुपये में रजिस्ट्री कराने का आरोप है। बताया गया है कि जमीन का सौदा करीब 1.07 करोड़ रुपये में तय हुआ था, लेकिन पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया।
जांच के दौरान जमीन खरीदने वाले को दिए गए 15 लाख रुपये के चेक से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि उक्त राशि क्षितिज राज बारापत्रे के खाते से ट्रांसफर हुई थी।
मामले की जांच जबलपुर ASP अनु बेनीवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसके बाद कुठला थाने में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा प्रकरण की आगे की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।