छुरा की महक सचदेव ने रचा इतिहास, 12वीं बोर्ड में 97% अंक के साथ प्रदेश में 7वां स्थान,

BHUPENDRA SINHA

April 29, 2026

छुरा/गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा के आज घोषित परिणाम में गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड छुरा की होनहार छात्रा महक सचदेव ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, छुरा की छात्रा महक ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया है, जिससे पूरे छुरा क्षेत्र सहित जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।

अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए महक सचदेव ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके स्कूल के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और सहयोग को भी अपनी सफलता का आधार बताया। महक ने बताया कि वह आगे चलकर अकाउंटिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं।

 

महक सचदेव वाणिज्य संकाय की छात्रा रही हैं और शुरू से ही मेधावी रही हैं। पढ़ाई के प्रति उनकी निरंतर लगन और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनके पिता विजय सचदेव लंबे समय से व्यापार के क्षेत्र में कार्यरत हैं, वहीं माता प्रिया सचदेव ने भी बेटी की इस सफलता पर अत्यंत खुशी व्यक्त करते हुए गर्व जताया है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे स्कूल के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर “गौरव गरियाबंद अभियान” के तहत शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।

महक सचदेव की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment