खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नगर स्थित रियासतकालीन राधा-कृष्ण मंदिर (बाई साहब मंदिर) में श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ उमड़ी। समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति द्वारा मंदिर परिसर में दीपदान कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई गई। साथ ही भगवान पुरुषोत्तम श्रीहरि की कथा का वाचन कर रहे भागवताचार्य पंडित अश्वनी त्रिपाठी का धर्म कार्यों में योगदान के लिए गुप्त दान एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान चिरंजीव परशुराम जी के पूजन-अर्चन से हुई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं ने हरि कथा का रसपान किया। कथा के दौरान भक्ति और श्रद्धा का ऐसा वातावरण बना कि बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तजन भाव-विभोर होकर भगवान श्रीहरि के गुणगान में लीन हो गए। आयोजन में उमड़ी भीड़ ने श्रद्धा और आस्था का नया उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस धार्मिक आयोजन में समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की जिला अध्यक्ष श्रीमती डॉली तिवारी, जिला सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा सहित सरिता शर्मा, श्यामा तिवारी, विमला शर्मा, शैल शर्मा, अर्चना दुबे, अंजू तिवारी, गायत्री तिवारी, मीना तिवारी, रूपा उपाध्याय, श्रद्धा तिवारी, रोहणी शर्मा तथा नगर की अन्य मातृशक्तियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। सभी ने दीपदान एवं हरि कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित किया तथा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का संदेश दिया।