पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से मिलीं संतोषी पाटले और प्रभा सिंह तंवर, क्षेत्रीय समस्याओं व महंगाई के मुद्दे उठाए

SARJU PRASAD SAHU

May 27, 2026

कोरबा/छुरीकला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के कोरबा प्रवास के दौरान कांग्रेस कमेटी की जिला महामंत्री संतोषी पाटले और पूर्व महिला कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रभा सिंह तंवर ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान दोनों महिला नेताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं, महिलाओं की समस्याओं तथा स्थानीय विकास कार्यों से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए।

कार्यक्रम के दौरान झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए कांग्रेस नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद नेताओं के योगदान को स्मरण करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में संतोषी पाटले और प्रभा सिंह तंवर की सक्रिय मौजूदगी विशेष चर्चा का विषय रही। दोनों महिला नेता लंबे समय से ग्रामीण और जिला स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनसमस्याओं को मुखरता से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। महिलाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने और क्षेत्रीय समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाने के कारण उनकी क्षेत्र में मजबूत पहचान बनी हुई है।

इस दौरान टीएस सिंहदेव ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है, जबकि महंगाई का सीधा असर किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प लिया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment